कानपुर। सीसामऊ थाना क्षेत्र में तेजाब मिल के पास जीटी रोड पर रविवार रात युवक के यूटर्न लेने के दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों ने परिजनों को बताया कि युवक आधे घंटे तक रोड पर लहूलुहान पड़ा तड़पता रहा। परिजनों के अनुसार थाना और एसीपी कार्यालय घटना स्थल से 100 मीटर दूर होने के बाद भी पुलिस को हादसे की जानकारी नहीं हुई। समय से इलाज मिलता तो उसकी जान बच सकती थी।
दर्शनपुरवा निवासी अजय चौहान का बेटा सनी सिंह चौहान (27) पेंटर था। परिवार में मां निर्मला, भाई पवन, राहुल हैं। दो बहनें कंचन व ज्योति की शादी हो चुकी है। भाइयों ने बताया कि रविवार रात करीब 10:30 बजे सनी दोस्त से मिलने की बात कहकर बाइक से निकला था। तेजाब मिल बांके बिहारी गेस्ट हाउस के पास जीटी रोड पर वह कट से यूटर्न लेने लगा। तभी अफीम कोठी की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उसे टक्कर मार दी।
हादसे में वह लहूलुहान होकर सड़क पर पड़ा तड़पता रहा। वाहन सवार पास से गुजरते रहे लेकिन उसे किसी ने न तो अस्पताल भिजवाया और न ही पुलिस को सूचना की। भाइयों के अनुसार तभी जरीब चौकी से अफीम कोठी की ओर जा रहे रतनलालनगर निवासी एक डॉक्टर परिवार ने कार रोकी। युवक को कोई दूसरा वाहन न कुचल दे इसलिए उन्होंने अपनी कार जीटी रोड पर तिरछी लगा दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी। पुलिस उसे हैलट अस्पताल लेकर पहुंची जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों का आरोप है कि अगर सीसामऊ पुलिस सक्रिय होती तो समय से अस्पताल पहुंचने से युवक की जान बच सकती थी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम भेज दिया।
............
सिपाही बोला, मीडियाबाजी न करना...
परिजनों का आरोप है कि पंचनामा के कागज लेकर पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे सिपाही ने उन लोगों को मीडिया से हादसे की जानकारी देने के लिए मना कर दिया। उन लोगों से कहा कि मीडियाबाजी करने की जरूरत नहीं है।