सिकंदरा। थाना क्षेत्र के खोजाफूल गांव के समीप इटावा-कानपुर हाईवे पर शनिवार रात तेज रफ्तार बाइक सवार सांड़ से टकरा गया। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक को पुलिस ने सीएचसी भेजा। वहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। वह हेलमेट लगाए था।
थाना डेरापुर के कांधी गांव निवासी शिवम मिश्रा (27) बाइक मैकेनिक था। वह गांव में ही दुकान चलाता था। शनिवार को वह किसी काम से औरैया गया था। रात में वह बाइक से वापस लौट रहा था।
सिकंदरा के खोजाफूल गांव के समीप हाईवे पर एक ढाबा के सामने अचानक सांड़ से वह टकरा गया। हादसे में गंभीर रूप से घायल होने पर पुलिस ने उसे एंबुलेंस से सीएचसी भेजा।
वहां मौजूद डॉ. दीपक गुप्ता ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। अनहोनी की सूचना मिलने पर छोटा भाई सत्यम, पत्नी सुमन बिलखने लगी। थाना निरीक्षक शैलेंद्र कुमार मिश्र ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। (संवाद)