कानपुर। बिठूर थानाक्षेत्र के मंधना स्थित महाराणा प्रताप ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन में बुधवार को देरी से कॉलेज आने वाले छात्र बाइकों से हार्न देने लगे। इससे तनातनी हो गई। इससे हंगामा और मारपीट का मामला हो गया।
बिठूर इंस्पेक्टर अशोक कुमार सरोज ने बताया मारपीट के आरोपी शिक्षकों ने पूछताछ में बताया कि देरी से आए छात्रों ने एन ब्लॉक बिल्डिंग के गेट से अंदर घुसने के लिए बाइको के हॉर्न बजाने शुरू कर दिए थे। इस वजह से अंदर चल रही क्लासों में व्यवधान हो रहा था। इसी को लेकर उन्होंने देरी आए छात्रों से बाहर इंतजार करने के लिए कहा था। इस पर कुछ छात्रों के बहस करने के बाद उन्होंने आपा खो दिया। शिक्षकों ने अपने किए पर खेद भी व्यक्त किया है। हालांकि कॉलेज की गठित तीन सदस्यीय जांच टीम की रिपोर्ट आने तक तीनों शिक्षकों को कॉलेज आने से रोक दिया गया है। मामले में घायल छात्र-छात्राओं को मेडिकल के लिए बुलाया गया है। वहीं, मारपीट के मामले में तीनों आरोपी शिक्षकों को बुधवार देर रात एसीपी कार्यालय से जमानत मिल गई।