कानपुर। जाजमऊ में टेनरियों की पाइप लाइनें सीईटीपी (कॉमन एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट) से जोड़ने के लिए मनमानी खोदाई पर गुरुवार को सपा विधायक रूमी हसन ठेकेदार कंपनी के इंजीनियर पर भड़क गए। खोदाई के लिए एनओसी न दिखा पाने पर उन्हें हिंदी में समझाने के साथ ही स्टुपिड भी कहा। काम भी बंद करा दिया। वीडियो वायरल होने के बाद जिलाधिकारी के हस्तक्षेप पर प्रोजेक्ट मैनेजर ने विधायक को मार्च तक काम पूरा कराने का आश्वासन दिया।
जाजमऊ की सभी टेनरियों का पानी वाजिदपुर में नवनिर्मित 20 एमएसडी (मिलियन लीटर डेली) क्षमता के सीईपीटी तक पहुंचाने के लिए पाइप लाइनें बिछाने का कार्य वाबैग कंपनी करा रही है। इसके लिए कंपनी ने जाजमऊ के बीकेडी चौराहे के आसपास दो बड़े गड्ढे कर दिए। विधायक ने बताया कि इन गड्ढों में दो ट्रक फंस गए थे। एक को क्रेन से निकाला गया, दूसरा भी बमुश्किल निकल पाया था। कंपनी ने उनकी निधि से बनी सड़कें भी खोदीं। बकौल विधायक कंपनी को 2020 तक यह कार्य करने के लिए एनओसी मिली थी। एनओसी खत्म होने के बाद अब मनमाने तरीके से कार्य कराने की लोगों ने शिकायत की थी। इस पर वे माैके पर पहुंचे। ठेकेदार कंपनी के इंजीनियर बालाजी से एनओसी मांगी पर वे एनओसी नहीं दिखा पाए। इस पर उन्होंने नाराजगी जताई। बाद में डीएम से शिकायत की। उधर, इंजीनियर ने भी डीएम से शिकायत की। डीएम के निर्देश पर कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर शशिमोहन उनके पास आए। उन्होंने 18 मार्च तक कार्य पूरा करने का लिखित आश्वासन दिया है।