इस बार मैं फिर से बिग बॉस के घर जाऊंगा और अभिनेत्री कैटरीना कैफ को साथ ले जाऊंगा। यह बात मंगलवार को शहर आए भजन सम्राट अनूप जलोटा ने कही। उन्होंने बताया, पिछली बार मेरे बिग बॉस में जाने पर तरह-तरह की बातें हुईं, लेकिन मुझे उससे कोई फर्क नहीं पड़ता।
मैं खुद सही हूं, बाकी दुनिया कुछ भी कहती रहे। उन्होंने कहा, आजकल का युवा बॉलीवुड गायक बनकर कम समय में ज्यादा प्रसिद्धि पाना चाहता है। अगर वह भजन गायकी में भविष्य तलाशें तो बेहतर होगा। इसमें प्रसिद्धि लंबे समय तक रहती है।
बॉलीवुड गायक तो आते-जाते रहते हैं। जब मैंने भजन गाना शुरू किया था, तब जो मुझे सुनते थे, उनके बेटे-बेटियों ने मुझे सुना और अब नाती-पोते भी सुन रहे हैं। युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि नशा करने से ऊर्जा खत्म होती है। भविष्य चौपट होता है। कहा कि मौका मिला तो वह कानपुर में भी अपने किसी एलबम की शूटिंग कर सकते हैं।
अनूप जलोटा ने बताया कि बीते सप्ताह लव ग्रोज नाम का उनका एक एलबम यूट्यूब पर लांच हुआ है। उसमें उन्होंने अंग्रेजी भाषा में रोमांटिक गीत गाए हैं। वह भविष्य में कई भाषाओं में अपने एलबम लांच करेंगे। उन्होंने कहा, बिरहाना रोड के मक्खन-मलाई को मैं मुंबई में मिस करता हूं। जब भी यहां आता हूं तो मक्खन-मलाई जरूर खाता हूं, आज भी खाया है।
जलोटा के भजन... बाबा के भक्त मगन
जय शिवशंकर जय शिवशंकर जय शंकर भोले, सब देवों में देव निराले जय बम-बम भोले...स्वरूपनगर में श्री शंकर शृंगार समिति की ओर से आयोजित एकता सरगम और भजन संध्या में भजन सम्राट अनूप जलोटा की इस प्रस्तुति पर श्रद्धालु बम-बम भोले के जयकारे लगाते हुए झूमने लगे।
उनकी आवाज सुनकर आसपास से गुजर रहे लोग कार्यक्रम स्थल की ओर खिंचे चले आए। श्रद्धालुओं की मांग पर जलोटा ने कभी-कभी भक्तों से काम पड़ता है... भजन गया तो लोगों ने बाबा के जयकारे लगाकर उनका उत्साह बढ़ाया। हर ओर माथे पर चंदन और गले में रुद्राक्ष की माला डाले भोले के भक्त नजर आ रहे थे।
लॉफ्टर चैंपियन प्रताप फौजदार ने भी दर्शकों को हंसाया। कुछ दर्शकों को फोटो लेते देख बोले, सरदार की फोटो किसी भी एंगल से लो, एक जैसी ही आती है। इसके बाद गायक विनोद राठौर और चांदनी ने भी दर्शकों का मनोरंजन किया। कार्यक्रम संयोजक कमल शुक्ल बेबी ने बताया कि यह 40वां आयोजन था। देररात तक चले कार्यक्रम में अभिजीत अग्रवाल, गणेश गुप्ता, विवेक मिश्रा, अजीत अग्रवाल, सुदामा शुक्ला, धर्मेंद्र दीक्षित आदि मौजूद रहे।