भाई शिव को तिलक लगाती बहन गिन्नी
- फोटो : अमर उजाला
भाई-बहन के प्रेम और अटूट रिश्ते का पर्व भैया दूज बुधवार को हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। बहनों ने अपने भाइयों को तिलकर लगाकर लंबी आयु की कामना की। इसके बदले में भाइयों ने बहनों को उपहार दिए और इसके साथ ही जीवन भर रक्षा करने का वचन दिया।
भैया दूज पर बहनों ने विशेष किस्म के पकवान और मिठाइयां बनाईं। उससे भाइयों का मुंह मीठा कराया। बहुत से भाई पौराणिक परंपरा को मानते हुए बहनों को घर गए। जहां भाई न आ पाए वहां बहनें भाइयों के घर गईं। भाइयों की आरती और तिलक किया। जिन बहनों के भाई विदेश में हैं या बहन विदेश में है, वहां वीडियो कॉलिंग का सहारा लिया गया। व्हॉट्स एप, जूम से आपस में तिलक, आरती के साथ शुभकामनाएं साझा कीं।
इसके अलावा बहनों ने दो-तीन दिन पहले बहनों ने कोरियर और पार्सल के जरिये भाइयों को तिलक सामग्री, ग्रीटिंग कार्ड और तोहफे भेज दिए थे। लोगों ने बच्चों को भैया दूज मनाए जाने की पौराणिक कथा सुनाई कि सूर्य देव के पुत्र यमराज अपनी बहन यमुना के घर गए थे। बहन ने स्वागत, सत्कार किया। यम ने वरदान दिया कि इस दिन जो भाई बहन के घर जाकर तिलक कराएगा, उसे अकाल मृत्यु का भय नहीं होगा।