प्रदेश के विभिन्न बीएड कॉलेजों में दाखिले के लिए 15 अप्रैल को होने वाली बीएड की संयुक्त प्रवेश परीक्षा में इस बार छात्रों को परीक्षा शुरू होने से आधे घंटे पहले केंद्र पर पहुंचना होगा। परीक्षा शुरू होने के बाद किसी भी छात्र को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। इस बार छात्रों की उपस्थिति बायोमीट्रिक मशीन से दर्ज कराई जाएगी। इसमें भी छात्र को उसी उंगली से उपस्थिति दर्ज करनी होगी जिस उंगली के निशान को फार्म भरते समय लगाया गया था।
शनिवार को कानपुर के सभी 91 केंद्रों से विश्वविद्यालय पहुंचे केंद्र प्रभारी और ऑब्जर्वर को यह जानकारी छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) के रजिस्ट्रार डॉ. विनोद कुमार सिंह ने दी। वह विश्वविद्यालय के यूआईईटी लेक्चर हॉल में आयोजित बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने बताया कि सभी 91 परीक्षा केंद्रों पर कुल 45590 छात्र-छात्राएं परीक्षा देंगे। इस बार ऑर्ब्जवर के रूप में प्रशासनिक अधिकारियों की ड्यूटी की जगह शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है।
रजिस्ट्रार डॉ. विनोद कुमार सिंह ने बताया कि परीक्षा दो पालियों में होगी। पहली पाली सुबह नौ से 12 बजे और दोपहर दो से पांच बजे के बीच होगी। इस बार परीक्षा में निगेटिव मार्किंग भी है। सभी अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र में आवेदन करते समय लगाई गई दो फोटो की दो अतिरिक्त फोटो परीक्षा केंद्र पर लानी होंगी। सभी अभ्यर्थियों को भारत सरकार से मान्य फोटो आईडी भी लेकर आनी होगी। अभ्यर्थियों परीक्षा में ब्लैक डॉटपेन ही प्रयोग कर पाएंगे।
डॉ. संदीप कुमार सिंह के मुताबिक निगेटिव मार्किंग का अभ्यर्थियों का विशेष ध्यान रखना है। हर सही जवाब पर दो अंक मिलेंगे। तीन गलत जवाब पर दो अंक काटे जाएंगे। बैठक को कुलपति प्रो. नीलिमा गुप्ता व एडीएम फाइनेंस वीरेंद्र पांडेय ने भी संबोधित किया। क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी डॉ. अनिल मिश्र, संयुक्त प्रवेश परीक्षा के समन्वयक डॉ. संदीप कुमार सिंह, महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय बरेली के प्रतिनिधि प्रो. यशपाल, प्रो. तूलिका सक्सेना आदि मौजूद रहीं।