ग्रीनपार्क स्टेडियम में गुजरात लायंस और मुंबई इंडियंस के बीच हुआ मैच हिट रहा। कनपुरियों ने गर्मी और उमस की चिंता छोड़कर मैच का लुत्फ उठाया। मैच को कनपुरियों का जबरदस्त प्यार मिला। दर्शकों की संख्या का यह आलम था कि स्टेडियम का हर कोना फुल था। वीआईपी पैवेलियन हो या फिर बी जनरल, सी बालकनी हर ओर दर्शकों का बोलबाला था। कनपुरियों ने दोनों टीमों का उत्साह भी बढ़ाया। कभी रोहित-रोहित चिल्ला रहे थे तो कभी डीजे ब्रावो-डीजे ब्रावो कह रहे थे।
स्टेडियम में दर्शकों के बैठने की संख्या 32 हजार से अधिक है। लेकिन यहां दर्शकों का सैलाब था। मैच देखने के लिए दर्शक दोपहर 4 बजे से ही स्टेडियम में पहुंचने लगे थे। शाम 6 बजे तक बी जनरल, बी स्टैंड, सी बालकनी, सी स्टाल 1,2 और तीन, डी चेयर्स फुल पैक हो चुका था। इसके बाद मैच शुरू होने से पहले तक वीआईपी पैवेलियन, डायरेक्टरेट पैवेलियन भी बिल्कुल खचाखच हो चुका था। अनुमान है कि करीब 40-45 हजार दर्शक स्टेडियम के अंदर थे। तमाम दर्शक दीर्घाओं के स्टैंडों पर खड़े थे।
फ्रीहिट का मिला मजा
मुंबई की पारी के दौरान गुजरात लायंस के डीजे ब्रावो के 6वें ओवर में एक गेंद नो बाल हो गई। नीतीश ने इसका फायदा उठाकर गेंद को छक्के में तब्दील कर दिया।
तमंचे पे डिस्को, झुमका गिरा रे मैच के बीच-बीच में डीजे वालों ने भी धमाल मचाया। तमंचे पे डिस्को, झुमका गिरा रे, गोरी तेरा झुमका गीत बजाकर दर्शकों को झूमने-नाचने पर मजबूर कर दिया।
बड़ी संख्या में दर्शक मुंबई की पारी देखकर लौटे
मैच का परिणाम गुजरात के पक्ष में भले ही गया हो लेकिन कनपुरियों ने मुंबई की पारी का लुत्फ उठाया। तमाम दर्शक तो सिर्फ मुंबई की पारी ही देखने आए थे। टीम की पारी समाप्त होने के बाद बड़ी संख्या में दर्शक स्टेडियम छोड़कर चले गए।
स्टेडियम से मचा हल्ला, फिर आना आईपीएल
शहर में हो रहे दूसरे आईपीएल मैच के दौरान दर्शक फिर शहर आना आईपीएल, आईपीएल चिल्ला रहे थे। बी जनरल, सी बालकनी, डी चेयर्स से लगातार यहीं नारे लग रहे थे।
चीयर्स लीडर्स ने जलवे बिखेरे, दिखी प्रतिस्पर्धा
आईपीएल में ग्लैमर का तड़का लगाने वाली चीयर्स लीडरों ने शनिवार के मैच में भी जलवे बिखेरे। मैच के दौरान दोनों टीमों की चीयर्स लीडरों में प्रतिस्पर्धा भी दिखी। जब गुजरात लायंस टीम की चीयर्स गर्ल्स स्टेडियम में प्रवेश कर रहीं थी तब दर्शकों ने शोर मचाकर उनका अभिवादन किया।
चीयर्स गर्ल्स ने भी फ्लाइंग किस और हाथ हिलाकर दर्शकों का स्वागत किया और कुछ लटके झटके भी दिखाए। इसी बीच मुंबई इंडियंस टीम की चीयर्स गर्ल्स भी मैदान पहुंच गई थी। उन्होंने देखा देखी दर्शकों को फ्लाइंग किस और हाथ हिलाया। इसके अलावा ओवरों के बीच-बीच में चीयर्स लीडरों ने डीजे की धुनों पर डांस की परफार्मेंस देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
ब्लू वर्ल्ड में चीयर ने गर्ल्स की मस्ती
शहर में चल रहे आईपीएल में आई चियर गर्ल्स शनिवार को ब्लू वर्ल्ड थीम पार्क में मस्ती करने पहुंची। चियर गर्ल्स ने थ्रिल राइड्स, स्काई डाइविंग, एम्फिडो आई और ब्लू टाईफून का मजा लिया। इस दौरान वहां मौजूद लोगों में चियर गर्ल्स को देखने की होड़ मच गई। चियर गर्ल्स बोली कि पार्क बिल्कुल अद्भुत है। उन्हें बहुत मजा आया। थीम पार्क के प्रबंध निदेशक प्रवीण मिश्रा ने बताया कि आईपीएल खत्म होने के बाद क्रिकेटर भी आएंगे।