शनिवार को कानपुर देहात के दो इलाकों में आग से हाहाकार मच गया। सिकंदरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत सरदार गांव में लगे वोडाफोन टावर में सुबह अचानक लग गई। करीब एक घंटे तक टावर धू-धूकर जलता रहा। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। टावर के कर्मचारी कुलदीप सिंह ने बताया कि शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी थी। इस अग्निकांड में पूरा मशीनरी कैंप जल गया। जनरेटर के भी पार्ट सही सलामत नहीं बचे हैं। टावर में आग लगने से इलाके का वोडाफोन सर्विस नेटवर्क प्रभावित हो गया। जिससे इलाके के अन्य टावरों का लोड बढ़ाकर नेटवर्क प्रॉपर चलाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
उधर दूसरी ओर पुखरायां राजेंद्र नगर की बैंक ऑफ इंडिया शाखा में सुबह 5 बजे अचानक आग लग गई। आग का कारण पता नहीं चल पाया। गार्ड आशुतोष ने बताया कि आग का सबसे ज्यादा प्रभाव कैश काउंटर पर पड़ा है। कैश काउंटर में रखी नोट गिनने की मशीनें, कम्प्यूटर, फॉर्म इत्यादि जल गए हैं। कैश रुपये नहीं थे जिसकी वजह से बड़ा नुकसान होने से बच गया। आग के कारण करीब ढाई के नुकसान की संभावना जताई जा रही है।