रसूलाबाद में बैंक के बाहर धूप में खड़े खाताधारक।
- फोटो : AKBARPUR
रसूलाबाद (कानपुर देहात)। कोरोना वायरस के कारण बैंकों के अंदर भीड़ जाने की मनाही है। पांच-पांच लोगों को अंदर जाने की इजाजत दी जाती है। इस दौरान बाहर घंटों खाताधारकों को धूप में खड़ा रहना पड़ता है। अधिकतर जगहों पर धूप से बचाव के इंतजाम नहीं किए गए हैं। रसूलबाद में मंगलवार को धूप में काफी देर खड़े रहने पर दो बुजुर्ग व एक महिला गश खाकर गिर गए।
सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के बाहर लोग कड़ी धूप में घंटों खड़ा रहना होता है। इससे खाताधारकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बैंक में स्टाफ की कमी के कारण काम में देरी होती है और लोगों को बाहर खड़े होकर परेशान होना पड़ता है। मंगलवार को एक महिला और दो बुजुर्ग गश खाकर जमीन पर गिर गए।
वहां खड़े लोगों ने तीनों को छांव में ले जाकर पानी के छीटें डाले। इसके बाद उन्हें कतार में आगे भेजा गया। प्रबंधक आरके कोहली ने बताया कि बैंक में स्टाफ की कमी के कारण काम में देरी होती है। जल्द ही बाहर धूप से बचाव के लिए अस्थाई व्यवस्था की जाएगी।