यूपी के चित्रकूट जिले में दस्यु सुंदरी साधना पटेल गैंग ने सीमावर्ती क्षेत्र में जमकर तांडव मचाया। दिन दहाडे़ गांव में घुसकर कई महिलाओं को पकड़कर मुर्गा बनाया। ग्रामीणों के विरोध करने पर उनकी पिटाई कर जंगल की ओर गैंग भाग गया।
जिले की सीमा से सटे नया गांव थाना क्षेत्र के बृजपुरा गांव मेें शुक्रवार की शाम दस्यु गैंग आ धमका । दस्यु सुंदरी साधना पटेल व गैंग के अन्य सदस्य कुछ देर तक गांव के बाहर घूमते रहे। इसके बाद कुछ घरों में घुसकर महिला और पुरुषों को असलहों के बल पर बाहर निकाला और गाली देते हुए दस्यु सुंदरी ने धमकी दी कि यदि किसी ने पुलिस को सूचना दी तो उसके घर के सदस्यों का अपहरण कर गोली मार दी जाएगी। लगभग दो घंटे तक गैंग के सदस्यों ने दस्यु सुंदरी के निर्देश पर चार महिलाओं को मुर्गा बनाकर पिटाई की।
इन महिलाओं को गंभीर चोटें आयी है। लेकिन डकैतों के भय के कारण यह महिलाएं न पुलिस के पास पहुंची न ही इलाज के लिए अस्पताल गई। गौरतलब है कि कुछ दिन पूर्व इसी गैंग ने शिवरामपुर पुलिस चौकी क्षेत्र के ठर्री गांव के पास एक ग्रामीण को पकड़ा था। जिससे दस हजार रुपये की वसूली कर पिटाई कर छोड़ा था। हालांकि संबंधित ग्रामीण ने बाद में पुलिस और समाज के भय से सभी स्थान पर जाकर बताया कि उसके साथ डकैतों ने कोई वारदात नहीं की है।