वाहनों व मशीनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करतीं महापौर प्रमिला पांडेय, साथ में नगर आयुक्त अर्पित
- फोटो : नगर निगम
कानपुर। नगर निगम मुख्यालय में शुक्रवार को समारोह में जलकल विभाग को एक मोबाइल एफएसएसएम ऑन-साइट डी-वाटरिंग वाहन, 15वें वित्त आयोग से एक बैंडीकूट रोबोटिक मशीन व दो ट्रैक्टरों की सौगात मिली। महापौर प्रमिला पांडेय ने हरी झंडी दिखाकर वाहन रवाना किए। उनके साथ नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय भी रहे।
मोबाइल एफएसएसएम ऑन-साइट डी-वाटरिंग वाहन की मदद से सेप्टेज प्रबंधन व उसके सुरक्षित निस्तारण की व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सकेगा। सीवर चैंबरों की सफाई में बैंडीकूट रोबोटिक मशीन से मदद मिलेगी। बैंडीकूट रोबोटिक मशीन सीवर चैंबर के अंदर जाकर अपनी 360-डिग्री घूमने वाली रोबोटिक भुजा और बाल्टीनुमा उपकरण से ठोस कचरा, गाद व मलबा बाहर निकालती है। इसे मैनहोल के बाहर खड़े होकर कंट्रोल पैनल व डिस्प्ले स्क्रीन की मदद से रिमोट के जरिये चलाया जाता है। इसमें स्मार्ट गैस सेंसर लगे होते हैं जो सीवर के अंदर की खतरनाक और जहरीली गैसों (मीथेन, हाइड्रोजन सल्फाइड आदि) का पता लगाकर ऑपरेटर को अलर्ट देती हैं। इसमें हाई-रिज़ॉल्यूशन कैमरे लगे होते हैं जो सीवर चैंबर के अंदर की स्थिति और सफाई का सीधा वीडियो बाहर लगी स्क्रीन पर दिखाते हैं। यह कुछ ही मिनटों में सफाई कर देती है। समारोह में जलकल विभाग के महाप्रबंधक आनंद त्रिपाठी, पार्षद दल के नेता नवीन पंडित, नीरज वाजपेयी आदि भी मौजूद रहे।