बांदा जिले में थाना मटौंध व एसओजी की टीम ने लूट की घटना का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ में एक बदमाश के पैर में गोली लगी है। घायल को सीएचसी में भर्ती कराया गया है। एसपी पलास बंसल ने बताया कि थाना मटौंध क्षेत्र में खड्डी तिराहे पर सोमवार की देर रात चेकिंग लगी थी। इस दौरान तीन बाइक सवार वहां से निकले। उन्हें पुलिस टीम ने रोका, तो वह वापस भागने लगे।
विज्ञापन
इसी बीच बाइक के अनियंत्रित होने पर तीनों सड़क पर गिर पड़े। पुलिस ने पकड़ना चाहा, तो तमंचे से फायर कर दिया। बचाव में एसओजी ने जवाबी फायरिंग की। इससे एक बदमाश कबरई निवासी चंद्रभान के पैर में गोली लग गई। इसके अलावा दो साथी महोबा निवासी शिवपूजन व बृजेश को भी दबोच लिया गया। अभियुक्तों के कब्जे से लूट की बाइक, तमंचा, कारतूस, व नकदी बरामद की गई है। बताया कि थाना मटौंध क्षेत्र के ग्राम चमरहा निवासी प्रमोद के साथ बीती 21 सितंबर को लूट हुई थी।