समाजवादी पार्टी ने पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष कृष्णा पटेल को अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया है। उन्होंने गुरुवार को तामझाम के साथ नामांकन कराया। कृष्णा पटेल पूर्व प्रत्याशी शिवशंकर पटेल की पत्नी हैं। शिव शंकर को करीब डेढ़ माह पूर्व सपा ने प्रत्याशी घोषित किया था।
सपा हाईकमान द्वारा पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष कृष्णा पटेल को अधिकृत प्रत्याशी घोषित किए जाने के बाद कार्यकर्ताओं के बांछें खिल गई हैं। सपा ने गुरुवार को जीआईसी मैदान में जोरदार जनसभा की और उसमें इंडिया गठबंधन के पदाधिकारी व जन प्रतिनिधि उपस्थित हुए। बाद में पूरे तामझाम के साथ कृष्णा पटेल नामांकन कराने के लिए सपा के राष्ट्रीय महासचिव व पूर्व सांसद विशंभर निषाद, पूर्व जिलाध्यक्ष शमीम बांदवी, जिलाध्यक्ष मधुसूदन कुशवाहा के साथ कलक्ट्रेट पहुंची। हालांकि उनके समर्थकों को पुलिस ने 200 मीटर दूर ही रोक दिया। प्रत्याशी सहित पांच लोग ही आगे जाने दिया गया। कृष्णा पटेल ने दूसरे सेट में नामांकन दाखिल किया।
मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि अस्वस्थ पति के स्थान पर मुझे प्रत्याशी घोषित कर महिलाओं का सम्मान बढ़ाया है। कुछ ही देर में उनके पति शिवशंकर पटेल भी नामांकन कराने पहुंचे। बोले की पत्नी का नामांकन खारिज हुआ तो वह चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने भी दूसरे सेट में नामांकन कराया। सपा के राष्ट्रीय महासचिव विशम्भर निषाद बोले की भाजपा के इशारे पर किसी का भी पर्चा खारिज हो सकता है। इस लिए नामांकन दोनों ने कराया है, लेकिन पार्टी ने अधिकृत प्रत्याशी उनकी पत्नी कृष्णा पटेल घोषित किया है।
बसपा प्रत्याशी ने दाखिल किया दूसरा सेट
उधर, बसपा प्रत्याशी मयंक द्विवेदी भी प्रस्तावकों के साथ पहुंचे और दूसरे सेट में नामांकन दाखिल किया। इसके अलावा सुरेंद्र कुमार स्वतंंत्र जनता पाटी, राजबहादुर राष्ट्रीय स्वराज पैथर, बलवन खान, गुलाब चंद, रामचरन ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया।