पति से मामूली कहासुनी के बाद गर्भवती ने घर में फंदा लगाकर जान दे दी। महिला की शादी साल भर पहले ही हुई थी। बिसंडा थाना क्षेत्र के इटवां गांव की रेखा (25) ने मंगलवार को दोपहर साड़ी से छत में लगे छल्ले से फंदा लगाकर जान दे दी। घटना के समय पति संजय और ससुर घर में नहीं थे। कुछ देर बाद पति लौटा तो दरवाजा बंद पाया। पड़ोसियों के सहयोग से कमरे का दरवाजा तोड़कर शव बाहर निकाला गया।
मायके चित्रकूट के कर्वी से आए भाई सोनू ने बताया कि रेखा दो माह की गर्भवती भी थी। मंगलवार को सुबह रेखा का फोन आया था कि उसे आकर ले जाओ। जब यहां पहुंचे तो खुदकुशी की बात पता चली। रेखा की शादी 15 फरवरी 2023 को की गई थी। रेखा का अक्सर पति से किसी न किसी बात को लेकर कहासुनी होती रहती थी। भाई ने किसी तरह का आरोप नहीं लगाया है। उधर, बिसंडा इंस्पेक्टर श्याम बाबू शुक्ला ने बताया कि प्रथम दृष्टया खुदकुशी है। पति-पत्नी के आपसी विवाद के चलते आत्मघाती कदम उठाया है।