ससुराल से बाइक में सास को लेकर गांव जा रहे दामाद को सामने से आई बोलेरो ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों की सड़क में गिरकर मौत हो गई। उनकी बाइक के पीछे से आ रहे बाइक सवार जीजा-साले बाइक से टकराकर गंभीर घायल हो गए। घायल जीजा-साले को कानपुर रेफर किया गया है।
बबेरू कोतवाली क्षेत्र के हरदौली गांव निवासी राममिलन ने बताया कि उसके भाई ओमप्रकाश (35) सोमवार को अपनी ससुराल गिरवां थाना क्षेत्र के बड़ोखर बुजुर्ग गांव गए थे। वहां से सास रुकमिनिया (72) को बाइक में बैठाकर अपने गांव जाने के लिए निकले थे। सोमवार की देर शाम गिरवां थाना क्षेत्र शिवहद गांव के पास गिरवां की ओर से आई बोलेरो ने सामने से दाेनों बाइक सवारों को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों सिर के बल सड़क पर गिर पड़े। हादसे में दोनों की मौत हो गई।
उधर, सास-दामाद के पीछे आ रहे गिरवां थाना क्षेत्र के अर्जुनाह गांव निवासी नीरज यादव (25) व उनके जीजा बिसंडा थाना क्षेत्र के थनैल गांव निवासी रामपाल यादव (30) बाइक से टकराकर गंभीर घायल हो गए। हादसे की जानकारी होने पर गिरवां थाने से एसआई विवेक त्रिपाठी मौके पर पहुंचे। उन्होंने दोनों घायलों को नीरज व रामपाल को नजदीकी सीएचसी में पहुंचाया। वहां से डॉक्टरों ने उनकी हालत को गंभीर देख कानपुर रेफर कर दिया है। गिरवां थाना एसआई विवेक त्रिपाठी ने बताया कि प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बोलेरो से हादसा हुआ है। सीसीटीवी फुटेज से बोलेरो की पहचान की जा रही है। दोनों के शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है।
एक साथ दो मौतों से परिवार में मचा कोहराम
बबेरू कोतवाली क्षेत्र के हरदौली गांव निवासी राममिलन ने बताया कि ओमप्रकाश दिल्ली में रहकर मजदूरी करते थे। वह तीन भाइयों में बड़े थे। उन्हें दिल्ली जाना था। इसलिए वह अपनी सास को लेने के लिए अपनी ससुराल गए थे। ओमप्रकाश के पांच पुत्रियां व दो पुत्र हैं। उधर, सास रुकमिनिया के पति सिंह दुलारे का कई साल पहले निधन हो चुका है। उनके दो पुत्र व दो पुत्रियां हैं। वृद्धावस्था पेंशन से गुजर होता था। एक साथ दो मौत से दोनों परिवारों में कोहराम मचा है।