उत्तर प्रदेश में बांदा के कोतवाली देहात क्षेत्र अंतर्गत ससुराल में विवाहिता का शव फंदे पर लटकता मिला। पति ने चरित्रहीनता का आरोप लगाते हुए आत्महत्या बताई है। मायके वाले दहेज के लिए प्रताड़ना का आरोप लगा रहे हैं। फिलहाल परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी है। पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।
कोतवाली देहात क्षेत्र के जारी गांव में शिवदेवी (20) पत्नी अनिल कुमार का शव सोमवार की शाम कमरे में सीलिंग फैन से रस्सी के फंदे में लटकता मिला। दरवाजा अंदर से बंद था। पुलिस के आने पर परिजनों ने शव को फंदे से उतारा। शव काे पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पति का कहना है कि शिवदेवी का मायका ओरन गांव में है।
आरोप लगाया वहां पड़ोसी युवक से पत्नी के अवैध संबंध थे। रोजाना मोबाइल पर उससे बात करती थी। आरोपी बातचीत की रिकार्डिंग उसे (पति) को भेज देता था। रविवार को वह ओरन जाकर शिवदेवी की मां उर्मिला और पिता रामरतन को रिकार्डिंग सुनवाई और पुत्री को समझाने को कहा। अगले दिन सोमवार को शाम घर वापस आया तो शिवदेवी फांसी लगाकर आत्महत्या कर चुकी थी।