क्वारंटीन सेंटर में प्रवासी श्रमिकों ने काटा हंगामा
- फोटो : amar ujala
कानपुर देहात में पुखरायां कस्बे के विवेकानंद राष्ट्रीय इंटर कालेज में मंगलवार को क्वारंटीन लोगों ने खाना लेट आने का आरोप लगाकर हंगामा करके कालेज के फर्नीचर की तोड़फोड़ कर दी। भोजन लेकर गए वाहन को गेट खेलने से मना करके गेट के पास बैठ गए। पैकिंग में लाया गया भोजन खाने से इंकार कर दिया।
सूचना पर चौकी इंचार्ज पुलिस बल के साथ पहुंचे तो सभी भागकर कमरों में चले गए। इसके बाद कर्मचारियों ने भोजन के पैकेट अंदर जाकर रखे। विवेकानंद राष्ट्रीय इंटर कालेज में मंगलवार की दोपहर 12 बजे जब नगरपालिका कर्मचारी धर्मेंद्र भोजन के पैकेट वाहन में लेकर पहुंचे तो वहां तैनात पुलिस कर्मचारियों और लेखपाल को क्वारंटीन लोगों ने गेट खोलने से मना कर दिया। गेट के पास जाकर खड़े हो गए।
जिससे कर्मचारियों को अपना बचाव करते हुए दूर खड़े होना पड़ा। लेखपाल ज्ञानेश कुमार सचान और अजीत कुमार के समझाने पर वह मानने को तैयार नहीं हुए। जिसकी सूचना उन्होंने कस्बा चौकी इंचार्ज को दी। चौकी इंचार्ज अतुल गौतम पुलिस बल के साथ जब क्वारंटीन सेंटर गेट के बाहर पहुंचे तब गेट खोलने दिया। इसके बाद क्वारंटीन लोग अपने-अपने कमरों में चले गए।
नगरपालिका कर्मचारियां ने भोजन के पैकेट एक निश्चित स्थान पर रख दिए तो खाने से इंकार कर दिया और आरोप लगाने लगे कि भोजन लेट मिलता है। जो सुबह आठ बजे दिया जाना चाहिए व दोपहर 12 बजे दिया जाता है। वहीं चौकी इंचार्ज ने तोड़फोड़ और बबंडर करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी तब वह शांत हुए।
समझाया कि यह कर्मचारी आप सभी भूखे न रहें इसलिए सुबह से शाम तक भोजन पहुंचाने में जुटे रहते हैं। स्वयं की सुरक्षा में सहयोग करने के बदले असहयोग कर रहे हो। भोजन के पैकेट उठाकर खा लेने को कहा। तैनात लेखपाल और पुलिस कर्मियों से निगरानी रखने और आवश्यकता पड़ने पर सूचना देने के लिए कहा।
सुबह नाश्ता में दिया जाता बिस्कुट और बच्चों को दूध
नगरपालिका कर्मचारी धर्मेंद्र कुमार ने बताया भोजन दिनभर तैयार होता रहता है। निरंतर वितरण भी होता रहता है। सुबह आठ बजे के पहले सभी को बिस्कुट और बच्चों को दूध पहुंचाया जाता है। इसके बाद भोजन के पैकेट तैयार होते ही सभी क्वारंटीन सेंटरों में भेजे जाने लगते हैं।
कोई मांग रहा एसी, तो कोई मांगे गद्दे
विवेकानंद राष्ट्रीय इंटर कालेज में क्वारंटीन किए गए लोगों की अलग-अलग डिमांड है। कोई एसी और गद्दे की मांग कर रहा है, तो कोई कहता है कि हमे भोजन स्वयं बनाने की अनुमति दी जाए। कोई घर से भोजन मंगवाने की अनुमति मांग रहा है।
यहां भोजन मिलने में देरी होती है। लेखपाल अजीत कुमार ने बताया सभी लोगों की अलग-अलग मांग है। गेट छूने इधर-उधर बैठने के लिए मना करने पर कहते हैं हम क्या अछूत हैं। गेट को जबरन छूते हैं जिसमें कई बार स्प्रे करना पड़ता है। सुरक्षा की बात को भी नहीं समझते हैं। सभी लोग क्षेत्र के आसपास गांवों के निवासी हैं।
चार क्वारंटीन सेंटरों में हैं 323 लोग
पुखरायां के चार क्वारंटीन सेंटरों में 323 लोगों को क्वारंटीन किया गया है। जिसमें आरएसजीयू पीजी कालेज में 112, विवेकानंद राष्ट्रीय इंटर कालेज में 122, शिववती शुक्ला डिग्री कालेज में 65 और नेशनल इंटर कालेज में 24 लोग क्वारंटीन हैं। जो महाराष्ट्र, गुजरात, दिल्ली, हरियाणा समेत अन्य प्रदेशों से आए हैं।