बबेरू कोतवाली क्षेत्र के हरदौली गांव के पास ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ट्रैक्टर चला रहे पूर्व मंत्री व बबेरू व नरैनी से चार बार विधायक रहे व बसपा के नेता प्रतिपक्ष गयाचरण दिनकर के भतीजे की ट्रैक्टर के नीचे दबकर मौत हो गई। बबेरू कोतवाली क्षेत्र के गांव टोलाकला निवासी मुकेश कुमार (18) रविवार को दोपहर अपने गांव से ट्रैक्टर लेकर बबेरू जा रहा था।
हरदौली गांव के पास अचानक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया, हादसे में वह ट्रैक्टर के नीचे दब गया। स्थानीय ग्रामीणों ने परिजन और पुलिस को सूचना दी। पुलिस और परिजन ने उसे सीएचसी बबेरू पहुंचाया। यहां डॉक्टर ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया। युवक के मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख पुकार मच गई। वह दो भाइयों व दो बहनों में तीसरे नंबर का था। हादसे से पिता मूलचंद्र, मां रामलली का रो-रोकर बुरा हाल है।
मुकेश बबेरू कस्बे के जेपी शर्मा इंटर कॉलेज में कक्षा 12वीं का छात्र था। पिता मूलचंद्र खेती किसानी करते हैं, उनके पास आठ बीघा खेती है। पुत्र मुकेश भी उनका खेती किसानी में हाथ बटाता था। बबेरू कोतवाल संजय द्विवेदी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। आशंका जताई जा रही है कि ट्रैक्टर चालक मुकेश ने ब्रेक लगाया था, इससे ट्रैक्टर पलटा है, उसी में दबकर मुकेश की मौत हुई है।