कड़ी धूप में मुख्य चौराहे पर लेट कर आक्रोश जताते ग्रामीण
- फोटो : अमर उजाला
साथी गांव में कई माह से खराब ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया। इससे ग्रामीण भीषण गर्मी में परेशान हैं। बुधवार को उनका गुस्सा फूट पड़ा। कस्बे के मुख्य चौराहे पर हाईवे जाम कर दिया। करीब तीन घंटे तक लगाए जाम से गाड़ियों की लाइन लग गई। तहसीलदार ने समझा-बुझाकर किसी तरह जाम खुलवाया। ग्रामीणों ने जेई व लाइनमैन पर ट्रांसफार्मर बदलने के नाम पर उगाही करने का भी आरोप लगाया।
तहसील क्षेत्र के साथी गांव में तीन माह से करीब तीन हजार की आबादी बिजली संकट से जूझ रही है। तीन माह से खराब ट्रांसफार्मर नहीं बदला जा रहा है। गर्मी से परेशान सैकड़ों ग्रामीण बुधवार को सुबह 10 बजे बिजली सब स्टेशन पहुंचे और घेराव कर जमकर नारेबाजी की। इसके बाद ग्रामीणों का काफिला मुख्य चौराहा पहुंचा और वहां जाम लगा दिया। आवागमन बाधित होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइन लग गई। राहगीर घंटों चिलचिलाती धूप व उमस भरी गर्मी में परेशान रहे।
जानकारी मिलने पर तहसीलदार लखनलाल राजपूत, नायब तहसीलदार दीपेंद्र कुमार, एसडीओ एजाज रसूल पुलिस बल के साथ पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। ग्रामीण जेई और लाइनमैन पर रुपये मांगने के आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे पीसी पटेल ने कहा कि सुविधा शुल्क मांगने वाले जेई व लाइनमैन पर जब तक कार्रवाई नहीं होगी, जाम जारी रहेगा। काफी समझाने-बुझाने के बाद करीब तीन घंटे में अधिकारियों के आश्वासन पर जाम खुल सका। एसडीओ रसूल ने बताया कि ट्रांसफार्मरों की कमी है, इसलिए देर हुई है। जल्द ही ट्रांसफार्मर बदला जाएगा।