मृतक किसान के बड़े पुत्र सुनील वर्मा ने गांव के ही शिवपूजन वर्मा के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। पोस्टमार्टम हाउस में सुनील ने बताया कि साल भर पहले उसके घर में छोटे भाई सुमित वर्मा की शादी थी। शादी में लेडीज संगीत का कार्यक्रम चल रहा था। उस कार्यक्रम में शिवपूजन शराब के नशे में महिलाओं के बीच जाकर नाचने करने लगा था। उसने परिवार की एक महिला के साथ अभद्रता भी की थी। जिस पर उसके पिता राधेश्याम वर्मा ने उसे घर से घसीटकर बाहर कर दिया था। तब से शिवपूजन अपने मन में रंजिश पाले था।
उधर, हत्या के दूसरे दिन सोमवार को दोपहर हत्यारोपी शिवपूजन वर्मा को पुलिस ने साड़ासानी गांव की पुलिया से गिरफ्तार किया है। उसके घर से खून से सना फरसा भी बरामद किया है। हत्यारोपी शिवपूजन ने बताया कि घटना वाली रात राधेश्याम उसके घर के सामने से निकल रहा था, उस बीच वह लघुशंका करने के लिए निकला तो उसने उसे देखकर गाली दे दी थी, जिस पर उसने फरसे से उसके सिर में वार कर हत्या कर दी थी। घर में खून से सना फरसा छिपाकर भाग निकला था।
पुरानी खुन्नस के चलते किसान की हत्या की गई है। पुत्र की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। आला कत्ल फरसा भी उसके घर से बरामद कर लिया है। हत्यारोपी ने गाली देने पर किसान की हत्या की थी। -सौरभ सिंह, सीओ बबेरू