मृतक बाबू व दयाराम की फाइल फोटो
- फोटो : अमर उजाला
रिश्तेदारी से लौट रहे बाइक सवार मोड़ पर सामने से आई एक अन्य बाइक सवारों को टक्कर मारकर जामुन के पेड़ से टकरा गए। हादसे में बाइक सवार दोनों लोग गंभीर घायल हो गए। उन्हें सीएचसी पहुंचाया गया। वहां एक ने दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे ने रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज में दम तोड़ा। दो मौतों से कोहराम मचा है। दूसरी बाइक में दादी-पौत्र गंभीर घायल हो गए। वहीं, बाइक की रफ्तार 80 होने के अलावा दोनों बाइक में सवार चालक हेलमेट भी नहीं लगाए थे।
नरैनी कोतवाली क्षेत्र के देविन नगर मोहल्ला निवासी धनराज निषाद ने बताया कि उसका भतीजा बाबू निषाद (20) अपने पड़ोसी दयाराम (60) के साथ शनिवार को सुबह करीब 10 बजे नहरी गांव रिश्तेदारी में गया था। रिश्तेदारी से अपनी भाभी के कपड़े लेकर बाइक से दोनों लौट रहे थे। शनिवार को दोपहर करीब एक बजे कोतवाली क्षेत्र के जमवारा गांव के पास मोड़ में बाइक की स्पीड तेज होने से बाइक अनियंत्रित होकर सामने से आई दूसरी बाइक में लहुरेहटा गांव निवासी ओसामा (18) व उसकी दादी बद्दी (70) को टक्कर मारते हुए जामुन के पेड़ से टकरा गई।
हादसे में बाइक सवार दोनों गंभीर घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। वहां डॉ. देवेश ने बाबू निषाद को मृत घोषित कर दिया। दयाराम काे प्राथमिक इलाज के बाद रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। मेडिकल कॉलेज में दयाराम ने भी दम तोड़ दिया। उधर, घायल बद्दी का पैर टूट जाने पर परिजन उसे मध्य प्रदेश के सतना जिले में ले गए हैं।
चाचा धनराज के मुताबिक, बाबू दो भाइयों में छोटा था। बड़ा भाई संतू व पिता सुरेश निषाद सूरत में रहकर मजदूरी करते हैं। बाइक बाबू चला रहा था वह हेलमेट नहीं लगाए था। उधर, दयाराम धान मिल में मजदूरी करता था तीन पुत्र व दो पुत्रियां हैं।कोतवाली इंस्पेक्टर संदीप तिवारी ने बताया कि बाइक के पेड़ से टकराने से हादसा हुआ है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। इसी हादसे में एक अन्य बाइक भी घायल हुए हैं। परिजन पुलिस पहुंचने से पहले उन्हें मध्य प्रदेश ले गए हैं।