बांसी गांव से मेला देखकर पैदल लौट रहे युवक को बाइक सवार ने टक्कर मार दी। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। राहगीरों की सूचना पर सुबह परिजनों को जानकारी हुई। गिरवां थाना क्षेत्र के मुरवां गांव निवासी महेश कुमार (28) बुधवार को बांसी गांव में मेला देखने गया था। वहां से देर रात पैदल लौट रहा था। दरगाही पुरवा के आगे नरैनी रोड पर स्कूल के पास किसी बाइक सवार ने टक्कर मार दी। हादसे में महेश की मौत हो गई।
सुबह होने पर राहगीरों ने उसके परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने पुलिस को बताया। पिता इंद्रकुमार ने थाने में बाइक की टक्कर से मौत होने की तहरीर दी है। तहरीर के आधार पर अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पिता ने बताया कि वह गांव के ही प्राथमिक पाठशाला में चपरासी के पद पर कार्यरत हैं। महेश की शादी हुए छह साल हो गए हैं। वह नि:संतान है। घर में पत्नी शिवदेवी है। गिरवां थाना इंस्पेक्टर राकेश तिवारी ने बताया कि सड़क हादसे में मौत हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।