बांदा और चित्रकूट में चार संक्रमित
बांदा में सोमवार को 5189 की कोरोना जांच की गई, 19 स्वस्थ
अब बांदा सक्रिय मरीजों की संख्या पहुंची 72
चित्रकूट में एक्टिव केसों की संख्या 50 पहुंची
संवाद न्यूज एजेंसी
बांदा/चित्रकूट। चित्रकूटधाम मंडल के बांदा और चित्रकूट में कोरोना संक्रमण अब सिमटने लगा है। सोमवार को बांदा में दो और चित्रकूट में दो-दो केस कोरोना संक्रमण के मिले। दोनों जिलों में 24 मरीजों ने कोरोना से जंग जीतकर अपने-अपने घरों को चले गए।
बांदा में सोमवार को 5189 संदिग्धों की जांच में सिर्फ दो कोरोना पॉजिटिव पाए गए। अब सक्रिय मरीजों की संख्या 72 हो गई। 19 संक्रमित निगेटिव होकर घर पहुंच गए। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी कोरोना बुलेटिन के हवाले से सीएमओ डा. एनडी शर्मा ने बताया कि सोमवार को एक ग्रामीण और एक शहरी क्षेत्र में संक्रमित मिला। उन्हें होम आइसोलेट किया गया है। अब तक जनपद में कुल 10,685 संक्रमित मिल चुके। सोमवार को आरटीपीसीआर से 2220, ट्रूनॉट से 5 और एंटीजन से 2964 संदिग्धों के सैंपल टेस्ट किए गए। उन्होंने बताया कि सोमवार को 19 मरीजों के ठीक होने पर छुट्टी दे दी गई।
इनमें होम आइसोलेशन के 17 व अस्पताल में भर्ती दो मरीज शामिल हैं। बताया कि अब तक 10,479 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। मौजूदा में पॉजिटिविटी रेट 1.75 है। सोमवार को कोरोना से कोई मौत नहीं हुई। उधर, चित्रकूट के सीएमओ डा. विनोद कुमार यादव ने बताया कि सोमवार को कुल जांच 1847 लोगों की जांच की गई, जिसमें दो कोरोना पॉजिटिव मिले। डिस्चार्ज मरीजों की संख्या पांच एवं क्रियाशील केसों की संख्या 44 है।
इंसेट---
स्वास्थ्य शिविर में कोरोना जांच व वैक्सीनेशन
नरैनी। कटरा कालिंजर, पोंगरी और बसरेही के पंचायत भवनों में आयोजित स्वास्थ्य शिविर में ग्रामीणों का परीक्षण हुआ। उन्हें दवाएं वितरित की गईं। कोरोना लक्षण वाले मरीजों के आरटीपीसीआर जांच के सैंपल लिए गए। वैक्सीनेशन किया गया। तहसीलदार सुशील कुमार सिंह, चिकित्साधीक्षक डा. देव तिवारी, बीडीओ मनोज सिंह ने चिकित्सा शिविर का जायजा लिया। टीकाकरण के प्रति ग्रामीणों को जागरूक किया। ब्लाक कार्यक्रम प्रबंधक दीपेंद्र मिश्रा, नेत्र सहायक पंकज नामदेव, सेक्टर मजिस्ट्रेट अरुण कुमार, स्वास्थ्य पर्यवेक्षक पुनीत मिश्रा, ग्राम प्रधान, लेखपाल आदि मौजूद रहे। (संवाद)
इंसेट---
फोटो परिचय-8-पैगंबरपुर गांव में सैनिटाइजेशन करते विधायक प्रकाश द्विवेदी।संवाद
विधायक ने सैनिटाइज कर किट बांटी
बांदा। प्रधानमंत्री के कार्यकाल के सात वर्ष पूरे होने पर मनाए जा रहे सेवा ही संगठन कार्यक्रम की श्रृंखला में विधायक समेत भाजपा नेताओं ने गांवों सैनिटाइजेशन किया और कोरोना किट बांटी। विधायक प्रकाश द्विवेदी ने सोमवार को महुआ, बरईमानपुर, खत्री पहाड़ मंदिर परिसर सहित बड़ोखर बुजुर्ग, पैगंबरपुर आदि गांवों की गलियां व घरों को खुद सैनिटाइज किया। भाजपा नगर उत्तरी व दक्षिणी मंडल के सेक्टर संयोजकों सहित रामकृष्ण शुक्ला, पुष्कर द्विवेदी, विधायक प्रतिनिधि रजत सेठ, अनुरुद्ध त्रिपाठी (दद्दा), डीडीसी सदाशिव अनुरागी, मुन्नीलाल चौरसिया, दिनेश शुक्ला आदि उपस्थित रहे। (संवाद)
इंसेट---
मोहल्लों में सफाई व सैनिटाइजेशन कराया
चित्रकूट। डीएम शुभ्रांत कुमार शुक्ल ने बताया कि जिले की 331 ग्राम पंचायतों की 47 न्याय पंचायतों में सेक्टर मजिस्ट्रेट नामित करते हुए माइक्रो प्लान के साथ गांव में विशेष सफाई कार्यक्रम किया जा रहा है। ग्राम पंचायतों में कई सफाईकर्मियों की टोली बनाकर सफाई का कार्य कराया गया। सोमवार को कसहाई, नई दुनिया, नादिन कुर्मियान, मनकुवार, डिलौरा, कटरा गूदर आदि 47 न्याय पंचायतों की ग्रामों में नोडल अधिकारियों के पर्यवेक्षण में विशेष सफाई कार्य हुआ। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग व अग्निशमन विभाग ने राजकीय संप्रेक्षण गृह, वृद्धा आश्रम, शिवरामपुर सहित प्रमुख कार्यालयों, रेलवे स्टेशन, चौकी शिवरामपुर, गोकुलपुरी कर्वी आदि कई स्थानों पर सैनिटाइज किया है। (संवाद)
इंसेट---
कोरोना से मृत शिक्षकों के परिजनों को मिले मदद
चित्रकूट। अंतर्जनपदीय शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष कमलेश पांडेय ने सीएम को लिखे पत्र में पंचायत चुनाव के दौरान संक्रमित हुए शिक्षकों की कोरोना से मृत्यु होने पर परिजनों को एक करोड़ आर्थिक मुआवजा के साथ ही नौकरी देने की मांग की है। कहा कि एक वर्ष से शिक्षक कर्मियों के महंगाई भत्ते बंद हैं। इसके बावजूद महामारी में शिक्षक, कर्मचारी तन्मयता संग निर्वहन कर रहे हैं। पंचायत चुनाव के दौरान पूरे प्रदेश में 1621 शिक्षक कर्मियों की कोरोना से मौतें हो चुकी हैं, लेकिन प्रदेश सरकार केवल तीन शिक्षकों की मृत्यु मान रही है। हाल ही में जिले के शिक्षक उदय राज सिंह निर्वाचन ड्यूटी के दौरान ही संक्रमित हुए थे। इलाज के दौरान 22 मई को मृत्यु हो गई। मांग की कि जल्द आर्थिक मदद मुहैया कराई जाए। (संवाद)
इंसेट---
कोरोना नियंत्रण में व्यापारी करें सहयोग
चित्रकूट। डीएम शुभ्रांत कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट में कोरोना वैश्विक महामारी संक्रमण को नियंत्रित करने के उद्देश्य से एक जून से अग्रिम आदेश तक सायंकाल सात से प्रात: सात बजे तक रात्रिकालीन कर्फ्यू तथा शनिवार व रविवार को साप्ताहिक बंदी रहेगी। डीएम ने व्यापार संगठन के पदाधिकारियों से कहा कि कोविड कंटेनमेंट जोन को छोड़कर दुकान, बाजार सुबह सात से सायं सात बजे तक पांच दिन सोमवार से शुक्रवार तक खुलेगी। शनिवार एवं रविवार को साप्ताहिक बंदी रहेगी। आवश्यक सेवाएं जैसे दूध, फल, सब्जी, दवाएं, चिकित्सालय, मेडिकल आदि को छोड़कर शेष दुकानों को खोलने की अनुमति नहीं दी जाएगी। कोचिंग संस्थान, सिनेमा, जिम, स्विमिंग पूल, क्लब एवं शॉपिंग मॉल पूर्णतया बंद रहेंगे। बैठक में एडीएम जीपी सिंह, एसडीएम सदर रामप्रकाश, सीओ नगर शीतला प्रसाद पांडेय, व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष ओम केशरवानी, पंकज अग्रवाल, अरुण गुप्ता, दीपक केशरवानी, गणेश केसरी, विवेक अग्रवाल आदि मौजूद थे। (संवाद)