नागरिकता कानून पर कानपुर के बाबूपुरवा में भड़की थी हिंसा
- फोटो : अमर उजाला
कानपुर में नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में हुई हिंसा को लेकर हाईकोर्ट की लखनऊ खंडपीठ में दायर याचिका में मंगलवार को विवेचक बाबूपुरवा इंस्पेक्टर तलब हुए। उन्होंने कोर्ट के सामने अपना जवाब रखा।
तीन प्रदर्शनकारियों की मौतों समेत घायलों व गिरफ्तार किए गए आरोपियों समेत पूरी जानकारी कोर्ट को दी। हिंसा में तीन प्रदर्शनकारियों आफताब, रईस व सैफ की गोली लगने से मौत हुई थी। वहीं दस अन्य गोली लगने से घायल हुए थे।
पूरे मामले में दो जनहित याचिकाएं हाईकोर्ट इलाहाबाद व एक याचिका हाईकोर्ट की लखनऊ खंडपीठ में दाखिल हुई थी। बाबूपुरवा इंस्पेक्टर राजीव सिंह मामले के विवेचक हैं।
उन्होंने मंगलवार को हाईकोर्ट की लखनऊ खंडपीठ में अपना जवाब दाखिल कर अब तक की कार्रवाई की जानकारी दी। अन्य दोनों याचिकाओं पर सुनवाई 16 जनवरी को इलाहाबाद हाईकोर्ट में है।