सभा में बोलते बाबू सिंह कुशवाहा
- फोटो : अमर उजाला
‘बसपा शासन में मायावती ने मुझे विद्वेष भावना से झूठा फंसा कर जेल भिजवाया है। अभी भी साजिश रची जा रही है। लेकिन मैं इसकी परवाह नहीं करता, अदालत से न्याय मिलेगा।’
जन अधिकार मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष बाबू सिंह कुशवाहा ने शनिवार को महोबा में बसपा सुप्रीमो पर निशाना साधते हुए ये बातें कहीं।
राष्ट्रीय अध्यक्ष शनिवार को बेलाताल महोबा के एसके महाविद्यालय के क्रिकेट मैदान में सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आजादी के 68 साल बाद भी किसान, दलित और मजदूरों की स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। भाजपा सरकार ने बड़े नोट बंद करके लोगों को लाइन पर लगवा दिया है।
अब लोग अपना पैसा निकालने के लिए कामकाज छोड़कर लाइनों में धक्कके खा रहे है। उन्होंने सपा सरकार पर हमला करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी ने अपनों का ही भला किया है। अति पिछड़े, अति दलित और अल्पसंख्यक के साथ-साथ शोषित समाज के लोगों को सत्ता शासन से जोड़ना जन अधिकार मंच का उद्देश्य है।
उन्होंने कहा कि जो समाज के नेता होते है वो समाज के लिए काम करते है। वहीं स्वार्थी नेता वोट लेकर भूल जाते है। इसीलिए अपना वोट अपने ही लोगों को दें। तभी उनका भला होगा।चुनाव के समय नेताओं को जनता की याद आती है और वह गांव गांव जाकर लुभावने वादे करके वोट लेते है और चुनाव के बाद गायब हो जाते है। ऐसे लोगों से सावधान रहने की जरूरत है।