बिकरू कांड में जेल में बंद जय बाजपेई को फर्जी शपथपत्र मामले में रिमांड पर लेने के लिए नजीराबाद पुलिस ने कोर्ट में बी-वारंट तामील करवा दिया है। 19 जनवरी को सुनवाई है। तब जय कानपुर कोर्ट में तलब किया जाएगा। इसी दौरान पुलिस कोर्ट से अनुमति लेकर जेल में जाकर जय के बयान दर्ज करेगी।
पता किया जाएगा कि फर्जी शपथ पत्र कहां से बनवाया है। विकास दुबे को पैसे और कारतूस मुहैया कराने के साथ उसे फरार कराने के प्रयास के आरोपों में पुलिस ने जय को कानपुर देहात जेल भेजा था। एसआईटी की जांच रिपोर्ट की सिफारिश पर जय पर नजीराबाद थाने में शस्त्र लाइसेंस में फर्जी शपथ पत्र दाखिल करने का केस दर्ज हुआ था। नजीराबाद इंस्पेक्टर ज्ञान सिंह ने बताया कि इस केस में जय के बयान होने हैं। इसलिए बी वारंट तामील कराया गया है। मामले में सुनवाई के बाद तय होगा कि किस दिन जय से पूछताछ होगी।
दीपक दुबे से पूछताछ बाकी
लखनऊ जेल में बंद दीपक दुबे पर भी फर्जी शपथ पत्र व फेक आईडी पर सिम लेने में रिपोर्ट दर्ज है। एसपी ग्रामीण बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि दीपक के केस में बी वारंट पहले ही तामील कराया जा चुका है। लखनऊ पुलिस पूछताछ कर चुकी है। इस सप्ताह उससे पूछताछ के लिए जांच अधिकारी लखनऊ जाएंगे।