कानपुर। बीसीसीआई की कूच बिहार ट्रॉफी में उत्तर प्रदेश ने असम के खिलाफ चल रहे मैच में दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक अपनी मजबूत पकड़ बना ली है। पहले अयान अकरम की गेंदबाजी और फिर कप्तान भव्य गोयल व कार्तिकेय सिंह की अर्धशतकीय पारियों ने यूपी को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
असम की पहली पारी मात्र 138 रन पर सिमट गई। वहीं यूपी ने पहली पारी में 259 रन बनाकर 121 रन की बढ़त ली। वहीं दूसरी पारी में भी असम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक असम ने दो विकेट पर 80 रन बनाए थे। अभी भी वह यूपी की बढ़त से 41 रन पीछे है।
असम के मंगलदोई क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे मुकाबले में असम की पहली पारी 52 ओवर में 138 रन पर सिमट गई। टीम की ओर से तुषार रुद्र बोरा ने 37, कप्तान दीपांकर पॉल ने 33, बरुणज्योति ने 19 रन बनाए थे। गेंदबाजी में यूपी की ओर से सहारनपुर के अयान अकरम ने 46 रन देकर पांच विकेट चटकाए थे।
वहीं के. कृष्णा ने तीन और रवि सैनी ने एक विकेट लिया था। इसके बाद यूपी ने 95 ओवर में 259 रन बनाकर पहली पारी में 121 रन की मजबूत बढ़त हासिल की। टीम की ओर से कप्तान भव्य गोयल ने 79, कार्तिकेय सिंह ने 66 रन जोड़े थे। गेंदबाजी में असम की ओर से मोहित ठाकुर ने चार, अमित चौधरी, राजन और मनीष ने दो-दो विकेट लिए थे।
दूसरी पारी में मंगलवार को दिन के खेल की समाप्ति तक असम ने दो विकेट पर 80 रन बनाए हैं। असम की ओर से बरुणज्योति 37 रन बनाकर मैदान पर टिके हैं। अंकतालिका में उत्तर प्रदेश वर्तमान में 13 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर है। टीम तीसरे दिन असम को जल्द समेटकर बड़ी जीत के साथ शीर्ष दो में प्रवेश करने की कोशिश करेगी। ग्रुप-डी में गोवा 20 अंक लेकर पहले और बंगाल 14 अंक के साथ दूसरे स्थान पर है।