औरैया जिले में बिधूना कोतवाली क्षेत्र के गांव भिखरा के पास बंबा पुलिया पर रविवार दोपहर करीब 12 बजे एक तेज रफ्तार लोडर ने बाइक सवार तीन युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में कोतवाली क्षेत्र के गांव रूपपुर सहार निवासी जितेंद्र (29), विनश (27) और कौशलेंद्र उर्फ छोटे (23) गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक लोडर छोड़कर भाग निकला। लोडर को पुलिस ने कब्जे में लिया है।
सूचना पाकर मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस और परिजन घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले गए। वहां डॉक्टरों ने विनश और छोटे को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर हालत को देखते हुए जितेंद्र को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। मौत की खबर मिलते ही मृतकों के परिवार में कोहराम मच गया और सीएचसी में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। तीनों पास के गांव नवगवां गए थे।