औरैया जिले में अछल्दा थाना क्षेत्र के खलरा में बुधवार सुबह एक युवती ने फंदा लगाकर जान दे दी। मां ने बेटी का शव को फंदे पर लटकता देख चीखना शुरू कर दिया। पड़ोसी व परिजनों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतका का फोन कब्जे में लेकर जांच शुरू की है। गुरुवार को चचेरे भाई का तिलक समारोह होना है, परिजन तैयारियों में जुटे थे।
खलरा निवासी श्याम बाबू के भतीजे विकास के तिलक की तैयारियां चल रहीं थी। गुरुवार को लड़की वाले तिलक की रस्में पूरी करने के लिए आने वाले थेे। जिसके चलते घर में खुशी का माहौल था, रिश्तेदारों का आना भी शुरू हो गया था। सुबह करीब साढ़े 10 बजे पर श्यामबाबू की बेटी का कंचन (18) का शव दूसरे घर में टिनशेड के नीचे फंदे से लटकता मिलने से शादी की खुशियां मातम में बदल गई। मृतका की मां रामपूती ने पुलिस को बताया कि पति श्यामबाबू बड़ौदा में रहकर प्राइवेट नौकरी करते हैं। बेटी ने 12वीं करने के बाद पढ़ाई छोड़ दी थी।