दोहरे हत्याकांड के बाद जब्त कर ली गई थी 53 करोड़ की संपत्ति
शहर के दोहरे हत्याकांड के बाद जिले में सनसनी फैल गई थी। इसके बाद पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए आरोपियों को जेल भेज दिया। बाद में दोषी पूर्व एमएलसी कमलेश पाठक के भाई संतोष पाठक की आवास विकास स्थित संपत्ति को कुर्क करते हुए जब्त कर लिया गया था।
फैसले की जानकारी के बाद कोर्ट परिसर पहुंचे समर्थक
पूर्व एमएलसी कमलेश पाठक समेत 11 आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर मामले में मंगलवार को फैसला आना था। इसकी जानकारी के बाद उनके परिजन व समर्थक कोर्ट परिसर पहुंचे। वर्षों बाद वह औरैया जिला जजी आए थे। इससे पहले वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सुनवाई होती थी।
आगरा सेंट्रल जेल से पहुंचे कमलेश पाठक
दोहरे हत्याकांड के बाद गिरफ्तार आरोपियों को अलग-अलग जेल में शिफ्ट किया गया था। पूर्व एमएलसी कमलेश पाठक को आगरा स्थित सेंट्रल जेल, भाई संतोष पाठक को फिरोजाबाद, भाई रामू पाठक को उरई जेल में निरुद्ध किया गया। अन्य आरोपियों को इटावा जेल भेजा गया था।
दोषमुक्त गनर कंट्रोल रूम में था तैनात
औरैया के दोहरे हत्याकांड के बाद कोतवाली पुलिस ने पूर्व एमएलसी कमलेश पाठक सहित 11 के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई की गई थी। इसमें पूर्व एमएलसी के गनर को शामिल किया गया था। हालांकि बाद में गनर को जमानत दे दी गई थी। फिलहाल वह कंट्रोल रूम में तैनात है। मंगलवार को मामले में सुनवाई करते के बाद फैसला सुनाया गया, जिसमें गनर को दोषमुक्त कर दिया गया। फैसला आते ही उसके चेहरे पर खुशी देखने को मिली।