औरैया जिले के बेला क्षेत्र में नौसारा गांव निवासी भाजपा समर्थित ब्लॉक प्रमुख बिधूना कौशलेंद्र सिंह राजपूत व उनके भाई रोहिताश राजपूत के खिलाफ बेला थाने की पुलिस ने गैंगस्टर की कार्रवाई की है। पुलिस के मुताबिक इन पर कई संगीन मामले थाने में दर्ज है, जिसके तहत यह कार्रवाई की गई है।
प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद बिधूना में सपा के ब्लॉक प्रमुख राजेश सिंह चौहान के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाकर बेला के नौसारा निवासी कौशलेंद्र सिंह राजपूत भाजपा के समर्थन से ब्लॉक प्रमुख निर्वाचित हुए थे।
ब्लॉक प्रमुख बनने के बाद कौशलेंद्र व उनके भाई रोहितास राजपूत, कस्बा निवासी अमर सिंह, विनीत कुमार के खिलाफ कस्बा निवासी श्रवण कुमार चतुर्वेदी ने दुकान में घुसकर मारपीट करने व सड़क पर सामान फेंकने एक लाख रुपये रंगदारी मांगने का पहला मुकदमा 25 दिसंबर 2018 को बेला थाने में दर्ज कराया था।
इसके बाद ब्लॉक प्रमुख पड़ोस की एक नाबालिग किशोरी को घर से उठा ले जाने के मामले में चर्चा में आए थे। इस मामले में ब्लॉक प्रमुख कौशलेंद्र सिंह राजपूत की नवंबर 2019 में शादी तय हो जाने के बाद शादी के दो दिन पूर्व की ब्लॉक प्रमुख पड़ोस की एक नाबालिग को जबरन उठा ले गए थे।