औरैया जिले में गांव बिझाई के सामने एक बुजुर्ग महिला की मालगाड़ी की चपेट में आकर मौत हो गई। घटना की सूचना पर पहुंचे ग्रामीणों ने मृतका की शिनाख्त पास के गांव बरके पुर्वा निवासी महिला के रूप में की। सोमवार की सुबह तकरीबन साढ़े नौ बजे एक बुजुर्ग महिला रेलवे लाइन पार कर रही थी। इस दौरान डेडीकेटिड फ्रेट कारीडोर पर गुजर रही एक महिला मालगाड़ी की चपेट में आ गई।
दुर्घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए। उन्होंने महिला की शिनाख्त पास के गांव बरके पुर्वा निवासी महिला के रूप में की। गांव बरके पुर्वा निवासी सुरेंद्र एवं रजपाल सिंह ने मृतका शिनाख्त अपनी मां संतकली (75) के रूप में की। सुरेंद्र ने पुलिस को बताया कि उनकी मां सुबह लाइन पार करके संकट मोचन मंदिर में पूजा करने गईं थीं। वापस लौटते समय मालगाड़ी की चपेट में आ गई। थाना प्रभारी निरीक्षक मुकेश बाबू चौहान ने बताया कि शव की शिनाख्त के बाद पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।