औरैया जिले के दिबियापुर थाना क्षेत्र में एक शादी की रस्म के दौरान उस समय हंगामा शुरू हो गया, जब खाने के दौरान एक अदद पूड़ी मांगने पर विवाद हो गया। मामूली सी बात पर दो पक्ष के बीच जमकर विवाद हुआ। कुर्सियों से एक-दूसरे पर हमला बोला गया। सूचना पुलिस तक पहुंची। पुलिस दूल्हा को पकड़ कर ले गई। दूल्हा रात भर थाना में रहा। अगले दिन दोनों पक्ष के बीच हुए समझौता के बाद शादी की बाकी रस्में पूरी हुईं।
मामला थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम भट्टा बस्ती का है। यहां की एक युवती की शादी औरैया सदर कोतवाली के नरोत्तमपुर निवासी एक युवक से तय हुई थी। तिलक के दौरान दोनों पक्षों में कहासुनी हुई थी। गुरुवार को आई बारात में खाने के दौरान एक बाराती ने पूड़ी मांगी। इस पर लड़की पक्ष ने गाली-गलौज शुरू कर दी। उन्होंने बराती को खाना न खिलाने की बात कही। इसके बाद दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। कुर्सियां चलने लगीं, जिससे कई लोग घायल हुए।