औरैया जिले में एरवाकटरा थाना क्षेत्र के नगला निवी गांव में रविवार को प्रेमी युगल रात में करीब 11 बजे घर से लापता हो गए। रात्रि में लड़की के परिजनों ने ढूंढना शुरू किया तो पता चला कि गांव का रहने वाला नीलेश कमल भी घर से लापता है। सोमवार सुबह करीब 10 बजे लड़की व लड़के के परिजनों ने पुलिस को गुम होने की सूचना दी। पुलिस ने जब लड़के के नंबर का लोकेशन लिया तो गांव के आसपास का आ रहा था।
इसी बीच चौकीदार रामऔतार अपने खेत पर गया हुआ था। जिसने प्रेमी युगल को गांव के बाहर पेड़ से बंधे फंदे पर लटका देखा। जिसके बाद परिजनों ने वहां पहुंचकर शव की शिनाख्त की। सूचना पर पहुंचे थाना प्रभारी संत प्रकाश पटेल ने पुलिस अधीक्षक चारू निगम और क्षेत्राधिकारी बिधूना अशोक कुमार सिंह को पूरा मामला बताया। मौके पर फोरेंसिक टीम के साथ पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक दिगंबर कुशवाहा और क्षेत्राधिकारी बिधूना अशोक कुमार सिंह ने शवों की वीडियोग्राफी कराकर नीचे उतरवाया और पंचनामा भरकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।