औरैया में सदर कोतवाली क्षेत्र के आनेपुर रोड स्थित मोहल्ला सत्तेश्वर पश्चिम निवासी एक युवक ने पत्नी से विवाद के बाद फंदा लगाकर जान दे दी। युवक जालौन जिले के बंगरा गांव का निवासी था। जनपद जालौन के बंगरा निवासी गोलू यादव 28 मोहल्ला सत्तेश्वर पश्चिम में पत्नी संतोष कुमारी के साथ रविंद्र सिंह के यहां किराये पर रहते थे। वह औरैया में एक दुकान पर नौकरी करते थे। शुक्रवार देर रात उसका पत्नी से किसी बात पर विवाद हो गया।
इसके बाद युवक ने अपने कमरे में जाकर दरवाजा अंदर से बंद करके छत से कुंडे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सीओ सिटी महेंद्र प्रताप ने बताया कि उसकी पत्नी आरती की मौजूदगी में शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवक के आत्महत्या करने के पीछे पति-पत्नी के विवाद का मामला सामने आया है। वहीं, मृतक के पिता विजय यादव ने बताया कि उसके पुत्र की शादी दो साल पहले हुई थी।
उसके एक साल की बेटी है। बताया कि उसका बेटा पहले प्राइवेट बस में कंडक्टर था। इसी बीच उसका शादीशुदा आरती से मिलना हुआ। इसके बावजूद भी आरती ने उनके बेटे को फंसा कर शादी कर ली। उन्होंने बताया कि शनिवार शाम उनके बेटे का फोन भी आया था। उसने अपनी दोनों बहनों व बड़े भाई से बात भी की थी। उसके थोड़ी ही देर के बाद उन्हें बेटे की मौत की सूचना मिली। जिस पर वह पूरे परिवार के साथ औरैया चिचौली पहुंचे। जहां बेटे को मृत अवस्था में देखा।