सीएचसी डेरापुर की पैथोलॉजी का निरीक्षण करते सीएमओ डॉ. एके सिंह। संवाद
कानपुर देहात। डेरापुर सीएचसी का सीएमओ ने शनिवार को निरीक्षण किया। वहां नवजात शिशु स्थिरीकरण इकाई (एनबीएसयू) में तीमारदारों को चप्पल-जूते पहन कर प्रवेश करते मिले। एनबीएसयू में भर्ती नवजातों में इंफेक्शन फैलने से खतरा देख सीएमओ ने मौजूद स्टाफ से नाराजगी जाहिर कर एंटी सेप्टिक प्रिकॉशन का पालन करने के निर्देश दिए।
दोपहर तीन बजे के करीब सीएमओ डॉ. एके सिंह सीएचसी पहुंचे। यहां उन्हें प्रवेश द्वार लगाई गई जाली टूटी मिली। इसपर उन्होंने सीएचसी अधीक्षक डॉ. अशोक कुमार को जाली बदलवाने के निर्देश दिए। जांच में उन्हें अस्पताल में मौजूद कुछ ही स्टाफ एप्रेन पहने मिले। इसपर उन्होंने नाराजगी जाहिर कर सभी कर्मचारियों को ड्यूटी के दौरान एप्रेन पहने के लिए कहा।
साथ ही अनदेखी पर कार्रवाई की चेतावनी दी। इसके बाद सीएमओ ने मेटरनिटी विंग का निरीक्षण किया। जिसमें उन्हें परिसर की वायरिंग, ट्यूब लाइट के होल्डर ढीले मिले। जच्चा-बच्चा की सुरक्षा पर जोर देते हुए उन्होंने सीएचसी अधीक्षक को तुरंत वायरिंग की मरम्मत करवाने के निर्देश दिए। इसके अलावा सीएमओ ने पैथोलॉजी में मशीनों की क्रियान्वयन, डॉक्टरों की उपस्थिति पंजिका आदि की जांच की। सीएमओ डॉ. एके सिंह ने बताया कि अस्पताल में मिलीं खामियों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं।