झींझक। झींझक नसीरपुर रोड पर लगरथा के पास कार सवार दो युवकों ने एक छात्रा को जबरन कार में डाल लिया। चरवाहों ने मवेशियों को सड़क पर करके उनकी कार रोका तो कार सवार लोग छात्रा को उतार कर भाग गए। पुलिस छात्रा से घटना की जानकारी जुटा रही है।
मंगलपुर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी किशोरी झींझक कस्बा स्थित एक विद्यालय में कक्षा नौ की छात्रा है। गुरुवार दोपहर को स्कूल की छुट्टी होने पर वह साइकिल से घर लौट रही थी। झींझक-नसीरपुर मार्ग पर लगरथा के पास कार सवार दो युवकों ने छात्रा को जबरन कार में बैठा लिया और छेड़छाड़ शुरू कर दी। छात्रा के चीखने पर ग्रामीणों ने कार का पीछा किया तो आरोपी जंगल की ओर भागने लगे। शोर सुनकर खेतों पर मवेशी चरा रहे चरवाहों ने मवेशियों को सड़क पर करके छात्रा को आरोपियों से छुड़ा लिया। मगर आरोपी मौके से भाग निकले। मौके पर पहुंची पुलिस छात्रा को थाने लेकर गई है। थानाध्यक्ष कमलेश कुमार ने बताया कि घटना की जांच के साथ छात्रा के बयान लिए जा रहे हैं। जल्द ही कार सवार युवकों को पकड़ा जाएगा।