साखिन बुजुर्ग गांव में अवैध निर्माण ढ़हाती जेसीबी।
- फोटो : AKBARPUR
सिकंदरा। साखिन बुजुर्ग गांव में नेशनल हाईवे अवैध निर्माण की सूचना पर तहसीलदार व सीओ जेसीबी लेकर पहुंचे। उन्होंने अवैध निर्माण ढहा दिया। प्रधान के समर्थकों ने इसका विरोध कर हंगामा किया। पुलिस ने प्रधान के पति को हिरासत में लिया है। भीड़ को हटाने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा।
ग्राम पंचायत दड़ी में प्रधान संपति देवी के पति बच्चन सिंह नायक साखिन बुजुर्ग गांव के पास कानपुर-आगरा हाईवे किनारे ग्राम सभा की 18 बिस्वा जमीन में बाउंड्रीवाल का निर्माण करा रहे थे। इसकी शिकायत किसी ने तहसीलदार लखनलाल राजपूत से की। ग्राम सभा की कीमती जमीन में अवैध कब्जा होने की जानकारी पर तहसीलदार व सीओ राजाराम चौधरी, इंस्पेक्टर रामबहादुर पाल पुलिस बल लेकर पहुंचे। टीम ने जेसीबी से अवैध निर्माण कर बनाई गई बाउंड्री को गिराने की कोशिश की तो प्रधान के समर्थन में सौ से अधिक महिलाएं आ गईं। वह विरोध कर हंगामा करने लगीं। इस पर पुलिस को महिलाओं को हटाने में कड़ी मशक्तत करनी पड़ी। पुलिस ने बल प्रयोग कर ग्रामीणों को मौके से खदेड़ा। ग्रामीणों व पुलिस के बीच तीखी झड़प हुई। टीम ने अवैध निर्माण कर बनाई गई बाउंड्रीवाल को गिरा दिया। लेखपाल बसंत लाल ने बताया कि जिस जगह पर निर्माण हो रहा था वह छत्रपति शिवाजी मिलन केंद्र के नाम से दर्ज है। अवैध निर्माण गिरा कर प्रधान के पति को हिरासत में लिया गया है। वहीं मौके पर ऐतिहात के तौर पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
----
हंगामा कर रहे ग्रामीणो को खदेड़ती पुलिस।- फोटो : AKBARPUR