सपा के बाहुबली नेता अतीक अहमद के कानपुर से टिकट लड़ने की घोषणा से सिर्फ सपाइयों में ही नहीं बसपाइयों में भी हलचल मच गई है। बसपा खेमे से जो सूचनाएं छनकर आ रही है, उसमें कहा जा रहा है कि जल्द ही कैंट क्षेत्र का बसपा प्रत्याशी भी बदल दिया जाएगा। इसके पीछे अतीक से बसपा के कैंट प्रत्याशी का पुराना रिश्ता बताया जा रहा है। इतना ही नहीं कई और सीटों पर बसपा अपने प्रत्याशी बदल सकती है।
इसमें मुस्लिम क्षेत्रों के प्रत्याशियों के बदलने की संभावना ज्यादा है। कैंट से अभी तक सपा प्रत्याशी रहे परवेज के हटने से सपा का एक धड़ा भी काफी नाराज है। अतीक अहमद के इलाहाबाद की जगह कानपुर से विधानसभा चुनाव लड़ने की चर्चा आज से दो महीने पहले ही शुरू हो गई थी। सपा में चल रही उठा पटक के बीच ही अतीक के नाम की चर्चा पार्टी हाईकमान के बीच होनी शुरू हो गई थी।
इस मसले पर बसपा ने भी अपने कान शुरू से लगा रखे थे। पता चला है कि अतीक ने कैंट सीट से टिकट घोषित होने से पहले ही यहां के कई नेताओं को चुनाव में टीम बनाकर साथ देने की तैयारी करने को कहा था। उनकी इस टीम में सपा से ज्यादा बसपा के नेता शामिल हैं। बाहुबली के संपर्क में महानगर में कौन बसपाई है, इस विषय में खुलकर बोलने कोई तैयार नहीं है। इतना जरूर कहा जा रहा है कि जिस विधानसभा क्षेत्र से अतीक लड़ने आ रहे हैं, वहां कुछ लोगों के बीच उनका काफी अच्छा प्रभाव है।
अखिलेश गुट में हैं खलबली
कैंट विधानसभा सीट पर अभी तक प्रत्याशी रहे हाजी परवेज अंसारी मुख्यमंत्री अखिलेश गुट के माने जाते हैं। उनका इस तरह से अचानक टिकट कटने के बाद इस गुट के लोगाें में खलबली मच गई है। पता चला है कि जल्द ही यह लोग मुख्यमंत्री से मिलकर इस मामले में अपनी बात रखेंगे। वैसे परवेज अंसारी को इस फै सले पर कहना है कि यह पार्टी का फैसला है, इस पर कुछ नहीं कहा जा सकता है।