कानपुर। भारत में पहला आयुष्मान आरोग्य मंदिर कहां स्थापित हुआ?, एकीकृत बाल विकास सेवा योजना में गर्भवती महिलाओं को पूरक पोषण सहायता की अवधि कितनी होती है?, जननी सुरक्षा योजना में ग्रामीण क्षेत्र में संस्थागत प्रसव पर आशा कार्यकर्ता को क्या प्रोत्साहन राशि मिलती है?..कुछ ऐसे सवाल रविवार को उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की ओर से आयोजित स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी परीक्षा में अभ्यर्थियों से पूछे गए। कई सवाल तथ्य आधारित होने के बजाय योजनाओं पर केंद्रित रहे, जिनके जवाब तलाशने में अभ्यर्थियों को मशक्कत करनी पड़ी।
परीक्षा सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक 23 केंद्रों पर हुई। पंजीकृत 10160 अभ्यर्थियों में 5267 ने परीक्षा दी, जबकि 4893 अनुपस्थित रहे। परीक्षा देकर निकले अभ्यर्थियों ने बताया कि योजनाओं से संबंधित सवालों की संख्या अधिक रही। सामान्य अध्ययन के भाग में संविधान की प्रस्तावना में समाजवादी और पंथनिरपेक्ष शब्दों को शामिल करने वाले संशोधन, लोकायत दर्शन के प्रवर्तक। इसके अलावा कृषि और भूगोल के सवालों में देर से बोई जाने वाली गेहूं की फसल की बीज दर, रबी फसल, क्वांटम संचार की उपयोगिता जैसे सवाल पूछे गए। कुछ प्रश्न चकराने वाले थे।