उत्तर प्रदेश के कानपुर में इंजीनियर आरजू कटारे हत्याकांड में शहडोल (मध्यप्रदेश) के विधायक, तमाम नेताओं व संगठनों के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर न्याय की मांग की गई है।
फरार आरोपियों को जल्द जेल भेजने के साथ ही मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में शुरू कराने की भी मांग रखी है। सीएम को लिखे पत्र में कहा है कि दहेज के लालच में आरजू को मारा गया। केवल पति जेल गया है। अन्य आरोपी बाहर हैं। जल्द से जल्द मामले की सुनवाई कर दोषियों को फांसी की सजा दी जाए।
33 संगठनों ने लिखा है पत्र
सीएम को पत्र भेजने वालों में जयसिंह नगर विधानसभा शहडोल के विधायक जय सिंह, जैतपुर विधानसभा की विधायक मनीषा सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल प्रताप सिंह, कांग्रेस जिलाध्यक्ष आजाद बहादुर सिंह, नगरपालिका परिषद अध्यक्ष उर्मिला कटारे के अलावा कई नेताओं व कुल 33 संगठन शामिल हैं।
बता दें कि कानपुर के नौबस्ता में शादी के महज 15 दिन बाद ही सॉफ्टवेयर इंजीनियर बहू आरजू गुप्ता (26) की मुंह दबाकर हत्या कर दी गई थी। उनका शव बाथरूम में पड़ा मिला था। ससुरालियों ने बाथरूम में गिरने से मौत की बात बताई थी लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दम घुटने से मौत की पुष्टि हुई थी।