कानपुर। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के तत्वावधान में 24 नवंबर से गुरुग्राम के सुल्तानपुर में अंडर-23 टी-20 महिला क्रिकेट चैंपियनशिप होगी। इसमें यूपी टीम का चयन किया गया है। टीम में शहर की तीन खिलाड़ियों अर्चना देवी, तृप्ति सिंह और गरिमा यादव को चुना गया है।
चयनकर्ताओं ने कानपुर की रहने वाली ऑफ स्पिनर अर्चना देवी को टीम का उपकप्तान नियुक्त किया है। केसीए के अवैतनिक सचिव कौशल कुमार सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश का पहला मुकाबला 24 नवंबर को कर्नाटक की टीम से होगा।
चयनित खिलाड़ियों में अर्चना देवी ऑफ-ब्रेक गेंदबाज, तृप्ति सिंह बल्लेबाज और गरिमा यादव मध्यम गति की तेज गेंदबाज हैं। अर्चना देवी व तृप्ति सिंह रोवर्स क्लब में कोच कपिल पांडे से प्रशिक्षण ले रही हैं। वहीं, गरिमा यादव कोच मोएनुद्दीन सिद्दीकी की देखरेख में अभ्यास कर रही हैं। चयन पर केसीए चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।