जसवंतनगर। कस्बे के व्यापारियों ने अपनी समस्याओं को लेकर उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल की अगुवाई में बुधवार को नगरपालिका ईओ को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में व्यापारियों ने जीआई सर्वे, हाउस टैक्स में मनमानी बढ़ोतरी, जलभराव, जलकर, स्ट्रीट लाइट, अतिक्रमण और ट्रैफिक जैसी समस्याओं का तुरंत समाधान किए जाने की मांग की।
नपा ईओ श्याम वचन सरोज को दिए ज्ञापन में व्यापारियों ने आरोप लगाया कि नगरपालिका निरंतर नए नियम लागू कर रही है, जिससे व्यापारियों का उत्पीड़न बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि व्यवसायिक और औद्योगिक भवनों पर हाउस टैक्स निर्धारण में मूल्य ह्रास का लाभ दिया जाए। जिन इलाकों में सीवर लाइनें नहीं हैं, वहां सीवर टैक्स न लगाया जाए।
व्यापार मंडल ने मांग की है कि प्रत्येक कार्यदिवस पर सुबह 10 से 12 बजे तक अधिकारी जनता से मिलें, जिससे उनकी समस्याओं का समाधान हो सके। ज्ञापन देने वालों में नगर अध्यक्ष अतुल बजाज, चेतन जैन, मोहित जैन, हरगोविंद गुप्ता, जान मोहम्मद, इंदल कुमार, अंकित, चंद्र प्रकाश शर्मा व मो.असलम रहे।