कानपुर। ग्रिड-इंडिया पावर सिस्टम अवॉर्ड 2026-27 के लिए आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। यह पावर सिस्टम रिसर्च एवं इनोवेशन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित की जाती है। इस बार अवार्ड का 15वां संस्करण है। इसका आयोजन ग्रिड कंट्रोलर ऑफ इंडिया लिमिटेड और आईआईटी कानपुर के स्टार्टअप इनक्यूबेशन एंड इनोवेशन सेंटर की ओर से होता है। आवेदन की अंतिम तिथि तीन सितंबर 2026 है।
अवार्ड के लिए शोधार्थियों को दो श्रेणियों में सम्मानित किया जाएगा। डॉक्टोरल कैटेगरी में 15 विजेताओं को प्रमाण पत्र के साथ 1.5 लाख रुपये, जबकि मास्टर कैटेगरी में 15 विजेताओं को 60 हजार रुपये मिलेंगे। प्रतियोगिता में केवल भारतीय नागरिक आवेदन कर सकते हैं। मास्टर कैटेगरी के लिए 2026 में डिग्री प्राप्त करने वाले अभ्यर्थी पात्र होंगे, जबकि डॉक्टोरल कैटेगरी में वे शोधार्थी आवेदन कर सकते ,हैं जिन्होंने कम से कम तीन वर्ष पूरे कर लिए हों। उन्होंने थीसिस जमा कर दी हो या वर्ष 2026 में डिग्री प्राप्त कर ली है। पूर्व में चयनित प्रतिभागी उसी श्रेणी में पुनः आवेदन नहीं कर सकते।