कानपुर देहात। प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में सहायक अध्यापक भर्ती के लिए अनिवार्य डिप्लोमा इन एलिमेंटरी एजुकेशन (डीएलएड या पूर्व में बीटीसी) की 2300 सीटों पर प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन 18 सितंबर से शुरू होंगे। दिसंबर माह में प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद प्रशिक्षण शुरू किया जाएगा।
डायट प्राचार्य राजू राणा ने बताया कि जिले के कुल 32 महाविद्यालयों में 2300 डीएलएड की सीटें उपलब्ध हैं। शासन के विशेष सचिव यतींद्र कुमार की ओर से जारी आदेश के अनुसार 2024-25 शैक्षणिक सत्र में 18 सितंबर से 9 अक्टूबर तक आवेदन लिए जाएंगे और 10 अक्टूबर तक फीस जमा होगी।
आवेदन पूर्ण करते हुए प्रिंट लेने की अंतिम तिथि 12 अक्टूबर है। आवेदकों की मेरिट के आधार पर स्टेट रैंक 16 अक्तूबर को जारी होगी। 17 से 30 अक्टूबर तक प्रथम चरण की ऑनलाइन काउंसिलिंग होगी और 13 नवंबर तक प्रवेश प्रक्रिया पूरी होगी। 20 नवंबर से एक दिसंबर तक दूसरे चरण की काउंसिलिंग होगी और दस दिसंबर तक प्रवेश प्रक्रिया पूरी होगी। 12 दिसंबर से प्रशिक्षण शुरू होगा।