रसूलाबाद। थाना क्षेत्र के सिंहपुर में बुधवार सुबह एक युवक का शव गांव के बाहर शीशम के पेड़ पर फंदे से लटकता मिला। पुलिस ने घटना स्थल की जांच के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
सिंहपुर निवासी राहुल (24) पिता श्रीप्रकाश की खेती किसानी करने में सहयोग करता था। श्रीप्रकाश ने बताया कि मंगलवार रात को बेटा खाना खाने के बाद टहलने के लिए निकल गया था। काफी देर तक वापस न लौटने पर परिजन ने उसकी तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चला। बुधवार सुबह खेतों पर काम करने गए किसानों ने मेवालाल के खेत में लगे शीशम के पेड़ पर गमछे के फंदे पर लटकता देखा।
जानकारी पर मां मारगश्री, बहन कोमल, भाई अंकित, जीतू रोते-बिलखते मौके पर पहुंच गए। सूचना पर पहुंची तिश्ती चौकी प्रभारी कृपाल सिंह ने घटना स्थल की जांच पड़ताल के बाद फोरेंसिक टीम से साक्ष्य जुटाए हैं। थाना प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि आत्महत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट व तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।