कानपुर में लॉकडाउन के दौरान एमएस धोनी क्रिकेट एकेडमी घर बैठे खिलाड़ियों को क्रिकेट की बारीकियां नि:शुल्क सिखा रही है। एकेडमी के मालिक पूर्व कप्तान एमएस धोनी ने डिजिटल क्रिकेट कोचिंग प्लेटफॉर्म एप की शुरुआत की है।
इसमें बीसीसीआई से जुडे़ प्रशिक्षक ट्रेनिंग का वीडियो अपलोड कर खिलाड़ियों को क्रिकेट के टिप्स दे रहे हैं। प्ले स्टोर से कोई भी खिलाड़ी इस एप को डाउनलोड कर सकता है। शहर के जीडी गोयनका स्कूल में चल रही एमएस धोनी क्रिकेट एकेडमी के खिलाड़ी भी इसी एप की मदद से बल्लेबाजी और गेंदबाजी का घर में रहकर अभ्यास कर रहे हैं।
एकेडमी के मैनेजर प्रदीप मिश्रा ने बताया कि इस एप में खिलाड़ी वीडियो देखकर अपनी तैयारी कर रहे हैं। इसके अलावा खिलाड़ी अपने अभ्यास का वीडियो बनाकर इस एप में अपलोड करते हैं तो प्रशिक्षक उस वीडियो को देखकर खिलाड़ियों की गलतियों को सुधारने का टिप्स देते हैं।
एकेडमी की प्रशिक्षक अल्का सिंह ने बताया कि हम लोगों का व्हाट्सएप ग्रुप भी चल रहा है जिसमें प्रशिक्षक वीडियो बनाकर डालते हैं और उसे खिलाड़ी फॉलो करते हुए अभ्यास कर रहे हैं। सुबह व शाम खिलाड़ियों द्वारा प्रैक्टिस के वीडियो ग्रुप में डाले जाते हैं।
फेसबुक पेज पर होता है लाइव
एमएस धोनी क्रिकेट एकेडमी के फेसबुक पेज पर रोज शाम 4 बजे एक घंटे का लाइव प्रसारण होता हैं। बीसीसीआई से संबद्ध प्रशिक्षक रोजाना लाइव आते हैं और क्रिकेट की बारीकियों के टिप्स देते हैं।