सीएमओ कार्यालय में तैनात लिपिक को रिश्वत लेते रंगे हाथों दबोचने के बाद कोतवाली में सभी कार्रवाई पूरी कराकर मंगलवार की रात एक होटल में खाना खाने के दौरान एंटी करप्शन टीम के सदस्यों के साथ चार लोगों ने गाली गलौज करते हुए मारपीट कर दी। जिससे टीम का एक सदस्य घायल हो गया। तहरीर के आधार पर चार लोगों के खिलाफ कोतवाली में मारपीट व सरकारी कार्य में बाधा डालने का मुकदमा दर्ज किया गया है।
गौरतलब है कि मंगलवार को एंटी करप्शन टीम झांसी महोबा आई थी। टीम ने सीएमओ कार्यालय में तैनात वरिष्ठ लिपिक प्रदीप कोकर्ड को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों दबोच लिया था। टीम उसे पकड़कर कोतवाली लाई जहां मुकदमा दर्ज कराने के साथ अन्य प्रक्रिया पूरी कराई गई। रात करीब 10.30 बजे टीम के सदस्य शहर के एक होटल में खाना खाने लगे। तभी होटल में पहले से खाना खा रहे बेसिक शिक्षा विभाग में तैनात लिपिक अनिल द्विवेदी व तीन अन्य लोगों ने गाली गलौज शुरू कर दी।
एंटी करप्शन टीम द्वारा गाली गलौज का विरोध करने पर चारों लोग भिड़ गए और मारपीट कर दी। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी उमेश कुमार पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए और मारपीट करने वाले दो लोगों को हिरासत में ले लिया जबकि दो लोग मौके से भाग गए। एंटी करप्शन टीम के इंस्पेक्टर अंबरीश कुमार की तहरीर पर पुलिस ने अनिल द्विवेदी, पीयूष चंसौरिया, संजू व एक अज्ञात के खिलाफ गाली गलौज, मारपीट व सरकारी कार्य में बाधा डालने का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस दो अन्य आरोपियों की तलाश में जुट गई है। मारपीट में घायल एंटी करप्शन टीम के कांस्टेबिल कृष्णकांत मिश्रा का जिला अस्पताल में डाक्टरी परीक्षण कराया गया।
-होटल में खाना खाने के दौरान हुआ विवाद, एक घायल
-CMO कार्यालय में तैनात बाबू को रिश्वत लेते पकड़ने के बाद खाना खाने गई थी टीम