कानपुर देहात। विकास भवन स्थित कार्यालयों का सीडीओ ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान जिला मत्स्य, जिला उद्यान, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के अधिशासी अभियंता व उप निदेशक कृषि कार्यालय से अनुपस्थित मिले। सीडीओ ने सभी को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। निरीक्षण के दौरान कार्यालयों में गंदगी मिलने पर उन्होंने कर्मियों को जमकर फटकार लगाई।
सीडीओ सौम्या पांडेय ने गुरुवार को सबसे पहले समाज कल्याण कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान ऑफिस में रखे जनता दर्शन के रजिस्टर में परेशानी का अंकन सहीं नहीं मिला। जिसे सही करने के निर्देश दिए। विकलांग कल्याण कार्यालय एवं अपर जिला समाज कल्याण, पिछड़ा वर्ग कल्याण कार्यालय में कर्मचारियों के पटल पर नेम प्लेट नहीं मिली।
जिसे लगाए जाने के निर्देश दिए गए। इसके बाद वह उप कृषि निदेशक कार्यालय पहुंचीं। वहां उप निदेशक विनोद यादव अनुपस्थित मिले। यहां अभिलेख भी व्यवस्थित नहीं पाए गए। ऑफिस में तैनात भूपेंद्र सिंह पिछले एक माह से बिना किसी सूचना के अनुपस्थित होने की जानकारी दी गई।
सीडीओ ने कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके अलावा जिला मत्स्य अधिकारी डॉ. रणधीर सिंह, जिला उद्यान अधिकारी सुभाष चंद्रा, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के प्रभारी अधिशासी अभियंता एसके शर्मा अनुपस्थित पाए गए। सीडीओ ने चारों अधिकारियों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण तलब किया है।
विभागों में नहीं मिला जनता दर्शन रजिस्टर
कानपुर देहात। निरीक्षण के दौरान कई विभागों में जनता दर्शन रजिस्टर नहीं मिला। सीडीओ सौम्या पांडेय ने विभागाध्यक्षों से जनता दर्शन रजिस्टर बनवाने के साथ साथ उसमें शिकायतकर्ता का नाम और मोबाइल नंबर भी लिखने को कहा। शिकायत निस्तारण के बाद पीड़ित को इसकी जानकारी देने के निर्देश दिए। (संवाद)